नवलजी, बलिया (उत्तरप्रदेश)
13 जून 2023:
बलिया रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर, उ०प्र० लखनऊ (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) विभाग द्वारा जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में एक अर्धदिवसीय कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। अर्धदिवसीय कार्यशाला में रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर के परियोजना वैज्ञानिकों डा० जय कुमार मिश्रा एवं श्री अंकित श्रीवास्तव द्वारा रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर में एन0आर0आई0एस0 परियोजना में रिमोट सेन्सिंग एवं जी०आई०एस० तकनीक का उपयोग करके जनपदवार तैयार किये गये डिजिटल डाटाबेस का प्रस्तुतीकरण किया गया एवं उक्त के बारे में जानकारी दी गयी।

उक्त के अतिरिक्त परियोजना वैज्ञानिक द्वारा रिमोट सेन्सिंग, जी०आई०एस० एवं जी०पी०एस० तकनीक के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई और यह बताया गया कि इस तकनीक का उपयोग कृषि, राजस्व, भू-संचय, जल-संचय, प्राकृतिक आपदा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, सिंचाई विभाग, जल निगम, नलकूप, सड़क, वन आदि में किया जाता है एवं भुवन पोर्टल पर भी जाकर इस सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उक्त के अतिरिक्त लिडार तकनीक के बारे में भी जानकारी दी गयी। नेशनल सेन्टर ऑफ जियोइन्फारमेटिक्स (एन०सी०ओ०जी०) वेब पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों के डाटाबेस के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अधिशासी अधिकारी, उप निदेशक कृषि, कृषि रक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, सामाजिक वानिकी, जिला विद्यालय निरीक्षक, उपायुक्त – एन०आर०एल०एम०, उपायुक्त मनरेगा, जल निगम, लघु सिंचाई एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा भाग लिया गया।
#bharatmirror #bharatmirror21 #news #ballia #uttarpradesh #ahmedabad
